Saturday, May 4सही समय पर सच्ची खबर...

दस्यु ददुआ के भाई बालकुमार व बेटे वीर सिंह समेत 3 के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा 

दस्यु सरगना ददुआ का भाई बालकुमार (बाएं) तथा बेटा वीर सिंह (दाएं।)

समरनीति न्यूज, इलाहाबादः दस्यु सरगना ददुआ के भाई पूर्व सांसद बाल कुमार निवासी सिविल लाइन्स, रायबरेली व बेटे पूर्व विधायक वीर सिंह निवासी सिविल लाइन्स, रायबरेली समेत तीन लोगों के खिलाफ इलाहाबाद जिले के उरांव थाना में धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज हुआ है।

2011 में लिए थे 35 लाख रूपए, वापस मांगने पर देने लगे उसे जान से मारने की धमकी 

यह मुकदमा इलाहाबाद जिले के उतरांव थाने में एक संस्था के चैयरमेन प्रमोद कुमार पटेल ने दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि पूर्व सांसद बाल कुमार ने अपने भतीजे और दस्यु के पुत्र वीर सिंह व भतिजे राम सिंह के साथ मिलकर उससे अलग-अलग किस्तों में 35 लाख रूपए लिए। जब उसने वापस मांगे तो धमकी देना शुरू कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि उसने यह रकम इन लोगों को वर्ष 2011 में देना शुरू किया था। इसके बाद ये लोग अलग-अलग ढंग से रूपया लेते गए।

इलाहाबाद की एक संस्था के अध्यक्ष ने दर्ज कराया उरांव थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा    

मुकदमा दर्ज कराने वाले प्रमोद कुमार की संस्था का नाम सरदार बल्लभ भाई पटेल एजुकेशनल सोसाइटी है। वह इलाहाबाद के जलालपुर थाना क्षेत्र के हंडिया कस्बे के रहने वाले हैं। पीड़ित का कहना है कि रूपए मांगने पर आरोपी कह रहे हैं कि वे ददुआ के रिश्तेदार हैं अगर रूपए मांगोंगे तो जान से मारकर फेंक देंगे।

पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उसके रुपए भी वापस दिलाए जाएं। बताते हैं कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद पूछताछ के लिए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इन सभी के खिलाफ धारा 420, 419, 406, 504, 506 और 66डी के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।