Friday, May 10सही समय पर सच्ची खबर...

कानपुर में बोले अमित शाह, बीजेपी नहीं भ्रष्टाचार के लिए हुआ सपा-बसपा गठबंधन, कांग्रेस पर भी निशाना

कानपुर बूथ सम्मेलन में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते कार्यकर्ता।

समरनीति न्यूज, कानपुरः कानपुर की धरती क्रांतिकारी है। पिछली बार 2014 में भी चुनाव प्रचार की शुरुआत कानपुर से ही हुई थी। अबकी बार भी शुरूआत यहीं से हो रही है। हम फिर जीतेंगे। अभी 73 सीटें हैं और अब 74 लेकर दिल्ली आना है। ये बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कानपुर के रेलवे मैदान में कहीं। यहां बूथस्तर सम्मेलन में आए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और मोदी जी के राजनीतिक प्रसार-प्रचार को रोकने के लिए गठबंधन हुआ है।

कानपुर-बुंदेलखंड के बूथ अध्यक्षों से कहा बूथ जीतो-यूपी जीतो 

शाह ने कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ ‘बूथ जीतो, यूपी जीतों’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बुधवार को सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस पर जमकर हमला किया। यूपी से 74 सीटों को जीतने का दावा करने के साथ शाह ने कहा कि यह गठबंधन बीजेपी के खिलाफ नहीं है बल्कि भ्रष्टाचार के लिए है।

ये भी पढ़ेंः बसपा सुप्रीमो मायावती की घोषणा, भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए एमपी में कांग्रेस को समर्थन

कहा कि पहले भी यहां विधानसभा चुनाव से पहले यूपी के दो लड़कों का गठबंधन हुआ था। अब 2019 से पहले भी यहां गठबंधन हुआ है जो भ्रष्टाचार का गठबंधन है। कहा कि गठबंधन करने वालों का पूरा जीवन यूपी को पीछे धकेलने और विकास को रोकने में निकल गया। शाह ने यह भी कहा कि जिसे भी इकट्ठा होना है वो हो जाएं।

कानपुर के रेलवे मैदान में बूथ सम्मेलन को संबोधित करने जाते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व योगी आदित्यनाथ।

कहा, 56 इंच वाले मोदी ही कर सकते हैं विकास 

यहां बीजेपी कार्यकर्ता 50 फीसद की लड़ाई को तैयार हैं। कहा कि हमें पता है कि यहां जब कार्यकर्ता योगी जी और पाण्‍डेय जी के नेतृत्व में निकलेंगे तो भारत माता के जयकारे लगाते हुए दिल्ली लौटेंगे। शाह ने कहा कि बुआ-भतिजे की सरकार में गुंडागर्दी, जातिवाद और भ्रष्टाचार ही क्यों नजर आता है। अब योगी जी की सरकार में गुंडे गिरफ्तारी देने को तैयार हैं। कहा कि योगी सरकार ने बहू-बेटियों को रात में भी निडर होकर बाहर निकलने का माहौल दिया है।

ये भी पढ़ेंः 2019 के चुनावी महासमर से पहले कांग्रेस में प्रियंका गांधी की अधिकारिक इंट्री, विपक्षियों में मची हलचल

कहा कि भाजपा सरकार ने सबका विकास किया है। कहा कि भाजपा सरकार में काम से पहले जाति नहीं पूछी जाती। कहा कि हमें पता है कि हमारा प्रधानमंत्री मोदी जी हैं लेकिन विपक्षियों को नहीं पता कि उनका पीएम कौन होगा। तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि सोमवार को बहन जी, मंगलवार को अखिलेश और बुधवार को ममता जी पीएम होंगी तो रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा।

सर्जिकल स्ट्राइक करने वाला तीसरा देश बना 

कहा कि देश का विकास मोदी जी जैसा 56 इंच के सीने वाला ही कर सकता है। कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले देशों में भारत, अमरिका और इजराइल के बाद तीसरे नंबर का बन गया है। वहीं जीएसटी में भी अब 40 लाख तक छूट कर दी है। कहा कि रामजन्म भूमि मुद्दे पर कांग्रेस को कुछ बोलने का हक नहीं है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।