Saturday, May 11सही समय पर सच्ची खबर...

भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह का सोनिया गांधी-सपना पर घटिया बयान, महबूबा बोलीं-दुस्साहस शीर्ष मंजूरी से, चारों ओर हो रही आलोचना

सपना चौधरी , भाजपा विधायक सुरेेंद्र सिंह और महबूबा मुफ्ती।

समरनीति न्यूज, डेस्कः अपने विवादित और बेहद नीचे स्तर के बयानों के लिए पहचान रखने वाले यूपी के बलिया के बैरिया भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर विवादित बोल बोले हैं। इस बार उन्होंने भाजपा के बेटी पढ़ाओं-बेटी बचाओं जैसे नारों को मुंह चिढ़ाते हुए सोनिया गांधी और सपना चौधरी के बारे में अपमानजनक बातें कहीं हैं। विधायक के इस बयान से जहां विपक्ष को भाजपा पर हमले का मौका मिल गया है वहीं दूसरी ओर खुद सपना चौधरी ने भी विधायक पर पलटवार किया है।

सपना चौधरी।

सपना के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा के वक्त का मामला 

दरअसल, यह बयान उस वक्त का है जब सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा थी। हांलाकि बाद में सपना ने खुद ही इन खबरों का खंडन कर दिया था। अक्सर विवादित और गैरमर्यादित बयान देने वाले यूपी के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और मशहूर डांसर सपना चौधरी पर अर्मादित और महिलाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की।

विधायक सुरेंद्र सिंह।

यूजर्स ने भी भाजपा और विधायक की आलोचना की  

इसके बाद विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने सुरेंद्र सिंह और भाजपा की जमकर आलोचना की। भाजपा विधायक के इस बयान पर डांसर सपना ने ट्वीट कर तगड़ा पलटवार किया। सपना ने लिखा है कि राहुल उनके बड़े भाई जैसे है, लेकिन भाजपा के इस विधायक के सस्ते विचारों ने हैरत में डाल दिया है। आगे सपना ने लिखा है कि एक राष्ट्रीय पार्टी का विधायक का ऐसा बयान अपमानजनक और निंदा योग्य है।

सपना चौधरी।

सपना बोलीं, क्या महिलाओं का अपमान ही इनकी संस्कृति 

सपना चौधरी ने आगे सवालिया लहजे में पूछा है कि क्या महिलाओं का अपमान करना ही भाजपा की संस्कृति है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने ट्वीट करते हुए भाजपा विधायक के बयान की निंदा की है। आप नेता ने ट्वीट कर लिखा है कि सोनिया गांधी के साथ राजनीतिक प्रतिद्वंदिता को चुनाव लड़कर खुद को साबित करें, संजय सिंह ने भी सवालिया लहजे में लिखा है कि आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए आप (भाजपा विधायक) इतना नीचे क्यों गिर गए हैं?

महबूबा मुफ्ती।

महबूबा मुफ्ती ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को ठहराया दोषी  

वहीं इस मामले में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भाजपा पर बेहद तीखा हमला बोला है। महबूबा मुफ्ती ने भाजपा विधायक के बयान को घृणास्पद बताया। मुफ्ती ने कहा है कि ऐसे गंदे दिमागों को साफ करने के लिए फिनाइल कीटाणुनाशक के एक खास ब्रांड की जरूरत है। मुफ्ती ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी खींचते हुए कहा है कि एक सत्तारूढ़ दल के विधायक के पास ऐसे कूढ़ा बोलने को दुस्साहस, शीर्ष से मंजूरी के बाद मिला है।

ये भी पढ़ेंः विवादित बोलने वाले विधायक सुरेंद्र सिंह अब ये क्या बोल गए