Thursday, April 18सही समय पर सच्ची खबर...

हमीरपुर में सदर सीट पर उप चुनाव की वोटिंग जारी

Hamirpur by election voting

समरनीति न्यूज, बांदा/हमीरपुरः आज सोमवार को जिले की सदर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की वोटिंग जारी है। इस दौरान कुल 4,01,697 मतदाता, मैदान में डटे 9 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने वाले हैं। चुनावों में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए 2096 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो चुका है। इससे पहले जिला मुख्यालय से भरुआसुमेरपुर गल्ला मंडी से पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना की गईं।

कौन-कौन है प्रत्याशी  

इस सीट पर भाजपा ने पूर्व एमएलसी युवराज सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं सपा से डा मनोज प्रजापति, कांग्रेस से हरदीपक निषाद, बसपा से नौशाद अली तथा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से जमाल आलम मंसूरी को मैदान में उतारा गया है। इनके अलावा चार निर्दल प्रत्याशी भी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

क्यों खाली हुई सीट

यह सीट भाजपा के कब्जे में थी। यहां पर अशोक सिंह चंदेल विधायक थे जिनको सामूहिक हत्याकांड में उम्रकैद की सजा होने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी और अब उप चुनाव हो रहे हैं।

257 मतदेय स्थल, 476 बूथ

उप चुनाव में हमीरपुर विधानसभा सीट पर मतदान के लिए पहली बार पांच बूथों पर क्यूआर पर्ची की व्यवस्था लागू की गई है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश की ओर से दी गई है। वहीं उन्होंने बताया है कि 257 मतदेय स्थलों में 476 बूथ बने हैं। इनपर चार जोनल मजिस्ट्रेट, 36 सेक्टर और 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि चुनाव बिना किसी रुकावट के संपन्न कराए जा सकें।

ये भी पढ़ेंः यूपी में 21 अक्टूबर को उपचुनाव, हरियाणा-महाराष्ट्र चुनावों की भी घोषणा