Thursday, April 25सही समय पर सच्ची खबर...

14 साल से उम्रकैद काट रहे कानपुर के कैदी पर फतेहगढ़ जेल में हमला, कन्नौज में तोड़ा दम

समरनीति न्यूज, कन्नौजः फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे 71 वर्षीय कैदी की कन्नौज के जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसपर साथी कैदी द्वारा देर रात ईंट से हमला कर दिया था। इससे वह बुरी तरह से घायल था। परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर लाटा गांव के गौरी शंकर शुक्ला बंद थे।

फतेहगढ़ जेल में बैरक में साथी कैदी ने ईंटों से किया हमला 

वह बीते 14 साल से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में सजा काट रहे थे। उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बताते हैं कि बीती देर रात जब वह बैरक में सो रहे थे। तभी उनके साथ बैरक में ही बंद चंद्र प्रकाश पांडे ने ईंट से उनपर सोते समय हमला कर दिया।

ये भी पढ़ेंः जेल मंत्री का बयान! यूपी की ओवरक्राउडेड जेलों से रिहा होंगे 2000 हजार कैदी

सिर पर ईंट से हुए कई प्रहार से गौरीशंकर बुरी तरह से लहूलुहान हो गए थे। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी जेल के बाकी लोगों को सुबह हुई। सुबह जेल सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने खून से लतपथ कैदी गौरीशंकर को पड़े देखा तो आलाधिकारियों को सूचना दी।

फतेहगढ़ से कानपुर ले जाते समय हुई मौत 

इसके बाद जेल प्रशासन मौके पर पहुंच गया और आनन-फानन में घायल कैदी को फर्रुखाबाद लाकर जिला असपताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में कैदी को डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर एंबुलेंस को कन्नौज जिला अस्पताल में रुकवाया गया।

ये भी पढ़ेंः बागपत जेल में पूर्वांचल के माफिया डान मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या, हड़कंप

वहां इलाज शुरू किया गया। लेकिन खून ज्यादा बह जाने के कारण कैदी गौरीशंकर ने दम तोड़ दिया। सूचना पर कन्नौज के पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे म्रतक के परिजनों ने पूरे मामले में जेल प्रशासन पर सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

मृतक के भतीजे रोहित व संदीप दीक्षित ने कहा कि हमला करने वाले कैदी को पागल बताया जा रहा है। अगर वह पागल है तो उसे सामान्य कैदी के साथ क्यों रखा गया। परिजनों ने कहा कि उनको अंदेशा है कि मामला हत्या का है। वे लोग कार्रवाई की मांग करेंगे।