Friday, April 26सही समय पर सच्ची खबर...

कानपुरः हाईप्रोफाइल महिला ने रियल स्टेट कारोबारी को लगाया करोड़ों का चूना, फिर हुआ यह…

समरनीति न्‍यूज़, कानपुरः कोहना में रियल इस्टेट कारोबारी के साथ पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कारोबारी ने तिलकनगर निवासी महिला पर आरोप लगाया है। कारोबारी के मुताबिक महिला ने कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने कारोबारी की एफआईआर पर जांच करने के बाद रविवार को महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महिला और उसके बेटे ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।

महिला चलाती थी बुटीक
पांडुनगर निवासी संजय गुप्ता संस्कृति रियल इस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर है। संजय ने तिलक नगर निवासी नीलू कोहली पर पांच करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। संजय के मुताबिक नीलू के ससुराल पक्ष की कई प्रापर्टी है जिसमें तिलक नगर स्थित एक प्‍लॉट भी है।

ऐसा लगाया आरोप
संजय के मुताबिक नीलू करीब 20 साल पहले पति नवीन से अलग हो गई थी। नवीन दिल्ली के बड़े बिजनेसमैन है। नीलू के ससुराल पक्ष की प्रापर्टी में उसका भी शेयर था। उसमें तिलक नगर स्थित प्लाट पर वह बुटीक चलाती थी। संजय का आरोप है कि करीब साढ़े तीन साल पहले नीलू ने उनसे तिलक नगर प्लाट का सेल एग्रीमेंट किया था।

बताया पति का भी शेयर
संजय ने उनको 2.65 करोड़ रुपये दिए थे। शेष रकम रजिस्ट्री के समय देना था। संजय का आरोप है कि नीलू ने उनको यह नहीं बताया था कि इस प्लाट पर उनके पति का भी शेयर है। उनके पति ने प्लाट पर स्टे ले रखा है। नीलू ने बिना विवादित प्लाट बताकर उनसे सौदा किया था। उन्होंने नीलू से प्लाट पर कब्जा देने के लिए कहा तो नीलू उनको टरकाने लगीं। संजय ने जब स्टे और मुकदमे की बाबत उनसे बात की तो नीलू ने यह कहकर टाल दिया कि कुछ दिनों में सब खत्म हो जाएगा।

मुकदमा दर्ज
इसके बाद संजय को न तो प्लाट पर कब्जा मिला और न ही उनकी रकम वापस हुई। इस पर संजय ने कोर्ट के जरिए नीलू के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज से धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत समेत कई अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। करीब सात महीने विवेचना के बाद रविवार को पुलिस ने ठोस सबूत पाए जाने पर नीलू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

हुई गिरफ्तारी 
इससे पहले नीलू और उनके बेटे नितिन का मीडिया से सामना हो गया। लेकिन उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। सीओ मनोज कुमार गुप्ता का कहना है कि महिला के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर उसको गिरफ्तार किया गया है।