Tuesday, April 23सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की असमायिक मौत से परिवारों में कोहराम

प्रतिकात्मक फोटो।

समरनीति न्यूज, बांदाः गेहूं की कटाई करने जा रहे मजदूर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की देर रात पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि पहले पुलिस को मृतक की पहचान करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद उसकी पहचान संभव हो सकी। बताया जाता है कि अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नगनेधी निवासी मातादीन (32) कुशवाह अपनी मां के कल्ली देवी के साथ रहता था। रविवार सुबह वह घर से गेहूं काटने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद दोपहर को उसकी मां खेत पर बेटे को खाना देने गई, लेकिन वह नहीं मिला।

घर से खेत पर फसल काटने गया था, बाद में मिला शव  

आसपास के खेतों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाद में पुलिस को गांव के बाहर एक शव पड़ा होने की सूचना मिली तो वहां छानबीन को पहुंची। बाद में मृतक की पहचान मातादीन के रूप में हुई। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। हांलाकि प्रथमदृष्टया यही माना जा रहा है कि उसकी मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हो गई है। बताते हैं कि मातादीन की पत्नी मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते अलग रहती थी जबकि उसके पिता की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है।

दो बाइकों की टक्कर में घायल ने तोड़ा दम  

अतर्रा थाना क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताते हैं कि बाइकों की टक्कर में ग्राम गुमाई निवासी रामशरण (55) की रविवार देर रात इलाज के लिए कानपुर ले जाते वक्त मौत हो गई। बताते हैं कि ग्राम नंदना के पास हाइवे पर बाइकों की भिड़ंत में रामशरण घायल हो गए थे। उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा में भर्ती कराया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया था लेकिन वहां भी आराम नहीं मिला तो कानपुर रेफर कर दिया गया था। उनके इकलौते पुत्र गुड्डू ने घटना की जानकारी दी।

ये भी पढ़ेंः बांदा में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में जलकर मौत, पिता स्वास्थकर्मी, मां खनिज विभाग में तैनात