Friday, March 29सही समय पर सच्ची खबर...

70 के दशक की दिग्गज अभिनेत्री विद्या सिन्हा का मुंबई में 71 साल की उम्र में बीमारी से निधन

समरनीति न्यूज, मनोरंजन डेस्कः 70 के दशक की दिग्गज फिल्म अभिनेत्री विद्या सिन्हा का गुरुवार को 71 साल की उम्र में बीमारी के चलते निधन हो गया। वह मुंबई में जुहू के एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं, जहां उनको लगातार वेंटिलेटर पर रखा गया था। बताया जाता है कि उनको दिल और फेफड़ों से संबंधित बीमारी हो गई थी।

गुरुवार को दोपहर 1 बजे करीब ली अंतिम सांसें 

आज गुरुवार को उन्होंने दोपहर करीब 1 बजे अंतिम सांसें लीं। आखिरी बार विद्या सिन्हा टीवी सीरियल ‘कुल्फी कुमार बाजेवाला’ में नजर आईं थीं। अपने जमाने में विद्या सिन्हा मॅाडलिंग भी कर चुकी थीं और मिस बांबे भी रह चुकी थीं। उन्होंने 1974 में फिल्म ‘राजा काका’ से फिल्मी कैरियर की शुरूआत की थी जिसमें किरण कुमार उनके हीरो थे। बाद में उनको फिल्म रजनीगंधा से पहचान मिली।

अपने 10 सालों के फिल्मी सफर में उन्होंने करीब 30 फिल्में की थीं। बताते हैं कि वर्ष 1996 में विद्या के पति का लंबी बीमारी के बाद आस्ट्रेलिया में निधन हो गया था। हालांकि बाद में उन्होंने 2001 में भारतीय मूल के एक आस्ट्रेलियाई डाक्टर से शादी की, लेकिन उनकी दूसरी शादी सफल नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने तलाक ले लिया था। संजीव कुमार के साथ उनकी एक फिल्म का गाना ठंडे-ठंडे पानी से नहाना चाहिए, खूब हिट हुआ था।

ये भी पढ़ेंः जन्मदिन पर खासः अद्भुत खूबसूरती-बेमिसाल अभिनय की मालकिन थीं अभिनेत्री नूतन