समरनीति न्यूज, ब्यूरो : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के वादे पूरी तरह से सच्चाई से कोसों दूर हैं। न वह (प्रियंका गांधी) 40 प्रतिशत महिलाओं को विधानसभा में भेजने वाली हैं और न ही कोई वचन निभाने वाली हैं। कहा कि सच तो यह है कि प्रियंका गांधी इतने भारी-भरकम वादों का बोझ भी उठाने लायक नहीं हैं। बीजेपी फिर पूरी ताकत के साथ सत्ता में लौटने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी दोबारा सरकार बनाएंगे।
समरनीति न्यूज कार्यालय में अतिथि बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष
ये बातें भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मति कमलावती सिंह ने ‘समरनीति न्यूज’ कार्यालय में एडिटर इन चीफ मनोज सिंह शुमाली के साथ बातचीत के दौरान कहीं। वह अतिथि के तौर पर कार्यालय में मौजूद रहीं। बातचीत के दौरान बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमति कमलावती ने कहा कि प्रियंका गांधी के परिवार में किसी ने महिलाओं को बढ़ावा नहीं दिया।
नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तक कभी कांग्रेस सरकारों में महिलाओं को कैबिनेट में जगह नहीं दी गई। कहा कि राजीव गांधी के समय में सिर्फ एक महिला मंत्री मंडल में थी। इसके अलावा कांग्रेस ने कभी महिलाओं को बढ़ावा नहीं दिया। अब प्रियंका गांधी चुनावी बातें कर रही हैं।
कमलावती सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी सिर्फ राजनीतिक बढ़त के लिए झूठे और भारी-भरकम वचन निभाने की बातें कर रही हैं, जनता सब जानती है कि इनकी सच्चाई क्या है। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि वह इतने भारी-भरकम वादों का बोझ भी उठाने लायक नहीं हैं।
बांदा में चुनावी तैयारियों के सवाल पर प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती ने कहा कि संगठन पूरी तरह से मजबूत है, बूथ स्तर पर जाकर काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बांदा में आने वाली 7, 13, 21 और 28 तारीखों में प्रत्येक विधानसभा में बड़ा अभियान चलाकर 10 से 15 हजार मतदाताओं को जोड़ा जाएगा। बुंदेलखंड में भाजपा जोरदार जीत दर्ज कराएगी। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता, समरनीति न्यूज परिवार की संदीप कौर भी मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ‘समरनीति न्यूज’ कार्यालय का किया उद्घाटन, विश्वसनीयता-निष्पक्षता को सराहा