Friday, April 26सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में सर्राफा व्यवसाई ने फांसी लगाई, सुसाइड नोट में महिला समेत कुछ पर ब्लैकमेलिंग के आरोप

Bullion trader hanged in Banda, two including woman in suicide note accused of blackmailing

समरनीति न्यूज, बांदा : बांदा शहर में आज रविवार को फूटाकुआं में शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसाई का शव फांसी पर लटकता हुआ मिला। शव उनके घर के पास मवेशी बाड़े में लटका देखा गया। जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माना जा रहा है कि उन्होंने सुसाइड किया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। बताते हैं कि 5 पन्ने के सुसाइड नोट में एक महिला समेत कुछ लोगों पर ब्लैकमेलिंग का आरोप है। मृतक के भाई इंद्रेश जड़िया ने कहा है कि उनके भाई ने इसी प्रताड़ना से तंग आकर जान दी है। उधर, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सुसाइड नोट के मद्देनजर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट की भी जांच करा रही है। घटना से सर्राफा व्यवसाइयों में शोक की लहर दौड़ गई।

शव के पास मिला 5 पन्ने का सुसाइड नोट

बताया जाता है कि शहर के फूटाकुआं में रहने वाले 58 साल के सराफा व्यवसायी शैलेश जड़िया का शव आज फांसी पर लटकता मिला। बताते हैं कि शव के पास 5 पन्ने का एक सुसाइड नोट भी मिला है। सूत्रों का कहना है कि सुसाइड नोट में शहर की एक ब्यूटी पार्लर संचालिका युवती और उसके भाई पर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया गया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि दोनों उन्हें वर्ष 2018 से ब्लैकमेल करते हुए परेशान कर रहे हैं। बताते हैं कि पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में भी ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी

मृतक के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की एक साल पहले ही शादी हुई है। मृतक शैलेश की चौक बाजार में सोने-चांदी की दुकान है। सीओ सिटी का राकेश सिंह का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट मिला है। कहा कि मृतक की राइटिंग जांच के लिए सुसाइड नोट को फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। बताते हैं कि सुसाइड नोट में एक सोनी नाम के शख्स का भी नाम है।

ब्यूटी पार्लर संचालिका व भाई पर आरोप

मृतक के भाई इंद्रेश जड़िया ने कहा है कि सोनी और एक और युवक का नाम सुसाइड नोट में है। इंद्रेश ने आरोप लगाया है कि आरोपी मृतक से बीते 4 साल में 60 किलो चांदी और 60 किलो चांदी की कीमत वसूल चुके थे। अब कुछ दिनों से 60 किलो चांदी की मांग और कर रहे थे। इसी से परेशान होकर उन्होंने सुसाइड कर ली है। उधर, पकड़ी गई युवती शहर के जरैली कोठी और उसका भाई ईदगाह रोड के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक की पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें : भारत के पूर्व क्रिकेटर अरुण लाल 66 की उम्र में 28 साल की बुलबुल संग लेंगे फेरे