Tuesday, April 16सही समय पर सच्ची खबर...

जानलेवा ठंड : बांदा के पैलानी क्षेत्र में सिंचाई कर रहे किसान की हालत बिगड़ने से मौत

Farmer's death due to cold in Tandwari of Banda
प्रतिकात्मक फोटो।

समरनीति न्यूज, बांदा : हाड़ कंपाती ठंड से हर कोई बेहाल है। सबसे ज्यादा इसका सामना अन्नदाता को करना पड़ रहा है। बांदा में ठंड किसानों पर आफत बनकर टूट रही है। जिले के पैलानी क्षेत्र में एक किसान की सिंचाई करते वक्त ठंड में हालत बिगड़ गई। उनका शरीर अकड़ गया और वह खेत पर ही गिर पड़े। इसके बाद उनको परिवार के लोग उठाकर अस्पताल जाने लगे। इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि नियमतः किसान के परिवार की मदद की जाएगी। उधर, घर के मुखिया की मौत से पूरे परिवार में मातम छाया हुआ है। परिवार में कोहराम मच गया है।

SDM के निर्देश पर पहुंचे लेखपाल, मदद का भरोसा

बताया जाता है कि जसपुरा थाना क्षेत्र के तरौड़ा गांव के रहने वाले पप्पू (34) पुत्र मनीराम, 5 बीघा के कास्तकार थे। वह शुक्रवार देर शाम अपने खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी बीच उनका शरीर अकड़ गया और गिर पड़े। आसपास के खेतों में मौजूद किसानों ने देखा तो मदद को दौड़े। साथ ही परिजनों को जानकारी दी।

ये भी पढ़ें : बांदा में कड़ाके की सर्दी में कंबल पाकर खिले गरीबों के चेहरे

परिवार के लोग उनको उठाकर अस्पताल लेकर भागे। तबतक उनकी सांसें थम गईं। मृतक की पत्नी भूरी की जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतक की पत्नी ने बताया कि खेत में सिंचाई करते समय उनके पति की हालत बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि ठंड से उनके पति की मौत हुई है। उधर, एडीएम राम कुमार के निर्देश पर लेखपाल ने गांव पहुंच कर मृतक के आश्रितों से जानकारी ली। एसडीएम का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शासन की गाइड लाइन के अनुसार किसान को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

ये भी पढ़ें : बांदा में जारी बालू ओवरलोडिंग, RTO और खनिज विभाग की मिलीभगत का अद्भुत परिणाम