समरनीति न्यूज, ब्यूरो : बुंदेलखंड के नामी डकैत ददुआ के आतंक से सभी वाकिफ हैं जिसे एसटीएफ और पुलिस ने मार गिराया था। अब वन विभाग ने ददुआ डकैत के हाथी ‘जय सिंह’ को गिरफ्तार करने में कामयाबी हांसिल की है। साथ ही ददुआ के बेटे और पूर्व सपा सांसद वीर सिंह के खिलाफ हाथी को अवैध ढंग से बेचने का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दरअसल, जय सिंह नाम के इस हाथी को देख-रेख के लिए पूर्व सपा विधायक वीर सिंह की सिपुर्दगी में दिया गया था। पूर्व विधायक ने इसका गुपचुप ढंग से सौदा कर लिया। इतना ही नहीं फर्जी कागजात के जरिए हाथी को ट्रक से गुजरात भेजा जा रहा था।
एमपी के सिंहपुर वन बैरियर पर वनकर्मियों ने हाथी लदा ट्रक पकड़ा
इसकी भनक वनविभाग को लगी तो मध्य प्रदेश के सतना के सिंहपुर वन बैरियर से हाथी को पकड़ लिया गया। अब वन विभाग ने हाथी को देखभाल के लिए दुधवा नेशनल पार्क भेज दिया है। साथ ही पूर्व विधायक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। बताया जाता है कि डेढ़ दशक पहले डकैत ददुआ ने इस हाथी ‘जय सिंह’ को बिहार से मंगवाया था।
ये भी पढ़ें : दुनिया से जाते-जाते सबको रूला गया दुलारा “बटालिक”
बाद में डकैत ददुआ तो मारा गया, लेकिन उसके बाद यह हाथी किसी के काबू में नहीं आ रहा था। बीते 3 सालों में उसने कई बार उत्पात मचाया। लोगों की जान के लिए खतरा भी पैदा हो गया। हाथी को जब्त करने की कोशिश की गई। बाद में वन विभाग इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने पूर्व विधायक की सुपुर्दगी में हाथी को दे दिया था। वहीं डकैत के बेटे व पूर्व विधायक वीर सिंह ने गुपचुप हाथी का सौदा कर डाला।
डीएफओ ने कहा, पूर्व विधायक के खिलाफ दर्ज करा रहे हैं मुकदमा
डीएफओ आरके दीक्षित का कहना है कि वीर सिंह ने हाथी के फर्जी कागज तैयार कराए। इसके बाद हाथी का 50 लाख में गुजरात की एक कंपनी के साथ सौदा किया। बड़े ही शातिराना अंदाज में हाथी को गुजरात भेजा जा रहा था। डीएफओ ने बताया कि शनिवार रात देवांगना घाटी के पास हाथी को जामनगर गुजरात के लिए रवाना किया गया। लेकिन मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम एक्शन में आई। एमपी के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया। एमपी के वनकर्मियों ने हाथी लदा ट्रक पकड़ा। रविवार को चित्रकूट के अधिकारी हाथी को लेकर लौटे। उसे जब्त करके लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें : बांदाः चंद पलों का अद्भुत प्रेम, राष्ट्र पक्षी की मृत्यु पर भावुक लोग, माहौल शोकाकुल