समरनीति न्यूज, लखनऊ : यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट ने आज कई बड़े और अहम फैसले लिए हैं। खासकर सरकार जेलों को लेकर कई अहम कदम उठाने जा रही है। सरकार ने जेल मैनुअल में काफी बदलाव किए हैं। अब सभी राज्यों में एक समान नया जेल मैनुअल लागू होगा। इसके तहत जेलों में राइफल की जगह पिस्टल, इंसास राइफल समेत कई आधुनिक उपकरण दिए जाएंगे।
जेलों के सुरक्षाकर्मियों को आधुनिक हथियार
साथ ही लाकअप, रजवाड़ो की बंदी, कालापानी, यूरोपीय बंदी जैसी व्यवस्थाएं समाप्त की जाएगीं। साथ ही बैरकों को चार श्रेणियों में बांटा जाएगा। पहली श्रेणी में 2000 से अधिक बंदी वाली, दूसरी में 2000 से 1500 बंदी, तीसरी में 1500 से 1000 और चौथी श्रेणी में 1000 से नीचे वाले बंदी होंगे।
महिला बंदी पहन सकेंगी मंगलसूत्र और सलवार
इसके अलावा जेल में पहले बंदी खुद के खर्चे पर दाड़ी बनवाते थे। अब सार्वजनिक व्यवस्था होगी। साथ ही कुख्यात बंदियों के लिए उच्च सुरक्षा वाले जेल बनेंगे। खास बात यह है कि अब जेल में महिला बंदी मंगलसूत्र और सलवार सूट पहन सकेंगी। गर्भवती महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था होगी। बंदियों के बच्चों की पढ़ाई के लिए शिक्षकों की व्यवस्था होगी। साथ ही चिल्ड्रेन पार्क बनाए जाएंगे। शाम को बंदियों को चाय बिस्कुट मिलेंगे।
विकास प्राधिकरण को लेकर ये हुए बड़े फैसले
इसी तरह विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 50 रुपए प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से जलशुल्क देना होगा। लेआउट प्लान के प्रकरण में जलशुल्क भूमि के कुल क्षेत्रफल पर देना होगा।
ये भी पढ़ें : UP : लखनऊ, बुंदेलखंड-पश्चिमी यूपी में तेज बारिश की संभावना, बिजली गिरने की आशंका
उप्र राज्य विद्युत निगम उत्पादन निगम लिमिटेड, जवाहरपुर विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और उप्र जल विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड, इन तीनों ही कंपनियों का एक में विलय होगा। इससे प्रशासनिक क्षमता बढ़ेगी और खर्च कम हो जाएंगे।
औद्योगिक पालिसी में भी अब यह बदलाव
औद्योगिक विकास विभाग की डिफेंस और एयरोनॉटिकल पॉलिसी में भी बदलाव होगा। लखनऊ में कुकरैल वन क्षेत्र में नाईट सफारी की स्थापना की जाएगी। यहां करीब 2027 हेक्टयर का जंगल है। 150 एकड़ में प्राणी उद्यान बनाया जाएगा। इसमें लखनऊ जू शिफ्ट होगा। 5–10 विभागों के समन्वय से प्रदेश में इको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड का गठन किया जाएगा। अलीगढ़ के फ़ूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट को अपग्रेड कर होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के रूप में तैयार किया जाएगा। 17 नए पाठ्यक्रमों की पढ़ाई शुरू होगी। टेक्सटाइल नीति तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी।
ये भी पढ़ें : Lucknow : अब सीएम योगी के हाथों में तबादलों की कमान, बिना अनुमति कोई ट्रांसफर नहीं