Thursday, April 25सही समय पर सच्ची खबर...

‘चक्रवाती फानी’ ने रोकी नेताओं की भी रफ्तार, ममता और शाह जैसे नेताओं की रैलियां हुईं रद्द

प्रतिकात्मक फोटो।

समरनीति न्यूज, डेस्कः चुनावी मौसम पर फानी तूफान भारी पड़ रहा है। फानी ने नेताओं की रफ्तार पर लगाम लगा दिया है। फानी तूफान की वजह से कई नेताओं की रैली रद्द हो गई हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दो दिन के लिए अपनी सारी रैली रद्द की है तो वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज झारखंड में होने वाली तीन रैलियां रद्द कर दी हैं। भीषण चक्रवाती तूफान फानी शुक्रवार को ओडिशा के पुरी से टकरा गया है। किसी भी आशंका के मद्देनजर रक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिये गए हैं और तटीय जिलों में रह रहे हजारों लोगों को सुरक्षित इलाके में पहुंचाया गया है। वहीं इसका असर उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी दिख सकता है।

ममता ने की 48 घंटे के लिए सभी जनसभा रद्द 

चक्रवाती तूफान फानी को देखते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अगले 2 दिन के लिए अपने सभी चुनावी कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। ममता बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘तूफान के कारण अगले 2 दिन में होने वाली अपनी चुनावी रैली को स्थगित कर दिया है। हम लगातार इस पर नजर बनाए हुए हैं। मैं लोगों से सहयोग करने की अपील करती हूं। सावधान रहें, अपना ख्याल रखें और अगले 2 दिन तक सुरक्षित जगहों पर रहें।’ ममता बनर्जी चुनावी रैलियों को स्थगित किए जाने के बाद आज और कल राज्य के तटीय इलाकों में रहेंगी और हालात के साथ राहत कार्यों पर नजर रखेंगी।

अमित शाह ने की झारखंड की रैलियां रद्द 

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने आज झारखंड में होने वाली तीन रैलियां रद्द कर दी हैं। राज्य में मौसम खराब होने के चलते शाह ने अपनी तीनों रैलियां रद्द की हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा-आज झारखंड में खराब मौसम और हवाई यात्रा में कठिनाई के कारण मेरी झारखंड की तीनों जनसभाएं रद्द करनी पड़ी हैं। मैं इस खराब मौसम में सभी की कुशलता की कामना करता हूं। दरअसल देश में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश आदि हिस्सों में चक्रवाती तूफान फानी के असर के कारण मौसम खराब हो गया है, जिसका असर अन्य राज्यों में भी देखने को मिल रहा है।

ये  भी पढ़ेंः सावधानः यूपी-बिहार में अगले 24 घंटे में तूफान की आशंका