समरनीति न्यूज, बांदा : रामनवमी के अवसर पर शहर में भव्य राम भक्तों ने जय श्री राम के साथ जुलूस निकाला। इस तरह पूरे जिले में भव्य रूप से राम नवमी पर शोभा यात्रा निकाली गई। पूरा शहर भगवामय नजर आया। हर और राम नाम की गूंज सुनाई दे रही थी।
रामभक्तों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भगवान श्रीराम की झांकियों के बीच भव्य शोभा यात्रा निकाली। फूलों की बरसात हुई। जय श्री राम के नारों की गूंज हर और सुनाई दी। गलियों, स़ड़कों पर जय श्री राम, राम-राम ही सुनाई दे रहा था।
भक्तों ने खूब जयकारे लगाए। श्रद्धालुओं के जयकारे से पूरा माहौल भक्तिमय सा नजर आया। शोभायात्रा में भक्तों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि लोगों को संभालना मुश्किल हो रहा था। जाम से सड़कें बंद हो गईं।
भगवा झंडों से पूरा शहर भगवामय हो गया। भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने भी पगड़ी बांधकर शोभा यात्रा में हिस्सा लिया। महिला मोर्चा की नेता पूरे उत्साह से कार्यक्रम में शामिल हुईं।
शहर के बाबूलाल चौराहे पर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने अपने समर्थकों के साथ राम भक्तों का आगे बढ़कर स्वागत किया। अन्य लोगों ने भी जगह-जगह पंडाल लगाकर श्रद्धालुओं के लिए जलपान और नाश्ते की व्यवस्था की।
राज्यमंत्री रामकेश निषाद, भाजपा नेता अजीत गुप्ता आदि भी मौजूद रहे। दरअसल, रविवार दोपहर शुरू हुई शोभायात्रा में एक-एक कर झांकियां महेश्वरी देवी चौक होते हुए रामलीला मैदान में एकत्र हुईं।
फिर झांकियों की एक विशाल शोभायात्रा शहरभर में निकली। शोभायात्रा बाबूलाल चौराहा, कैथी बाजार, चौक बाजार होते हुए महेश्वरी देवी चौक से होकर गुजरी। डीजे पर रामनाम की महिमा गूंजती रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस भी तैनात रही।
ये भी पढ़ें : #Accidents : बांदा में 6 महीने में दूसरे बेटे की मौत से परिवार बेहाल, एक और व्यक्ति की मौत