Thursday, April 18सही समय पर सच्ची खबर...

UP Budget 2021 : पेपरलेस बजट की अयोध्या में हवाई अड्डे से लेकर छात्रों को लैपटाप तक 10 बड़ी बातें..

UP Budget-2021 : 10 big things of paperless budget up to airport and corona vaccine in Ayodhya

समरनीति न्यूज, लखनऊ : यूपी की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने आज पेपरलेस बजट पेश किया है। यह बजट कई मायनों में खास है। एक तो इसलिए कि पहला पेपरलेस बजट है। दूसरी खास बात यह है कि यह योगी सरकार के इस कार्यकाल का अंतिम बजट है। इसलिए बजट से लोगों को उम्मीदें भी काफी थीं। वहीं सरकार ने भी लोगों को कई तोहफे देने की कोशिश की है। बजट में हर वर्ग का ख्याल रखने की कोशिश हुई है। मेडिकल से लेकर, युवाओं के लिए भी बजट में काफी कुछ है। विद्यार्थियों के लिए लैपटाप की सौगात दी जा रही है।

हवाई अड्डे, 13 मेडिकल कालेज और अटल स्कूल

इस बजट में सरकार ने रामनगरी अयोध्या में एयरपोर्ट, राम मंदिर को सड़क, प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर अटल स्कूल खोले जाएंगे। मजदूरों भाइयों को घंटे के हिसाब से भुगतान होगा। साथ ही पूर्वांचल और बुंदेलखंड के लिए कई सौ करोड़ के तोहफों की घोषणा हुई है। हालांकि, फ्री-कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों की उम्मीद थी। इसकी बजट में कोई घोषणा नहीं हुई है। वहीं स्वास्थ्य की बात करें तो सरकार ने इस बजट में यूपी में 13 नए मेडिकल कालेज के लिए धनराशि आवंटित की है। बजट की खास बातों को 10 बिंदुओं में देने का प्रयास किया गया है।

पढ़िए ! इस बजट की बेहद खास 10 बातें

  1. राम नगरी अयोध्या में एयरपोर्ट को 101 करोड़ आवंटित हुए हैं। राम मंदिर तक जाने वाली सड़क को 300 करोड़ प्रस्तावित हैं। जेवर हवाई अड्डे के लिए 2000 करोड़ आवंटित हुए हैं।
  2. बुंदेलखंड के चित्रकूट-सोनभद्र में बनने वाले हवाई अड्डों के लिए भी बजट आवंटित किया है। यह एयरपोर्ट 2021 में सक्रिय होने की संभावना है।
  3. यूपी में 9 मेडिकल कालेज बनेंगे। साथ ही पीजीआई में नई लैब की स्थापना होगी। इसके लिए 1950 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है।
  4. सरकार ने इस बजट में आरोग्य जल योजना के लिए 22 करोड़ रुपए तथा स्वच्छता को 2031 करोड़ का बजट रखा है। वहीं जलजीवन मिशन के लिए 15000 करोड़ रुपए का बजट रखा है।
  5. भोलनाथ की नगरी काशी यानी वाराणसी में गोकुलधाम स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा यूपी के सभी मंडल मुख्यालयों पर अटल आवासीय स्कूल बनेंगे।
  6. मजदूर वर्ग का ध्यान रखते हुए सरकार ने व्यवस्था की है कि अब मजदूरो को उनके मेहनताने का भुगतान प्रति घंटे के हिसाब से किया जाएगा। किसानों को लोन के लिए सरकार ने 400 करोड़ की व्यवस्था की है।
  7. दरअसल, 2021-2022 के लिए सरकार ने कुल 5 लाख 50 हज़ार 270 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। 2020-21 की बात करें तो यह बजट 5.12 लाख करोड़ था।
  8. युवाओं और विद्यार्थियों का भी सरकार ने बजट में पूरा ख्याल रखा है। सरकार युवाओं को यूपी गौरव पुरस्कार देगी। साथ ही मेधाबी छात्र-छात्राओं को लैपटाप भी बांटेगी।
  9. इस बजट में पूर्वांचल विकास को 300 करोड़ तथा बुंदेलखंड क्षेत्र विकास निधि को 210 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
  10. सरकार की ओर से विधायकों को नियमित निधि के अतरिक्त 2000 करोड़ रुपए और दिए जाएंगे। ताकि विकास को रफ्तार दी जा सके।

ये भी पढ़ें : Valentine day : पति ने जिन महिलाओं की फोटोज लाइक की, पत्नी ने प्रिंट निकाल दीं वैलेंटाइन गिफ्ट