Friday, March 29सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा के सांसद आरके पटेल घर में आइसोलेट हुए, राष्ट्रपति भवन में हुई थी सांसद दुष्यंत से मुलाकात

Banda MP RK Singh Patel isolates at home

समरनीति न्यूज, बांदा/चित्रकूटः बांदा-चित्रकूट संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद आरके सिंह पटेल ने शनिवार को खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है। वह हाल ही में दिल्ली से लौटे हैं। बताते हैं कि दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में उनकी मुलाकात राजस्थान के सासंद एवं भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे दुष्यंत सिंह से हुई थी। बताते चलें कि दुष्यंत सिंह इस वक्त आइसोलेट सेंटर में हैं। दुष्यंत उन लोगों में शामिल थे जो लखनऊ में बालीवुड सिंगर कनिका कपूर की पार्टी में शामिल हुए थे।

राजस्थान के सांसद से मुलाकात के बाद एहतियात

गायिका कनिका कपूर कोरोना वायरस पाजीटिव मिली हैं। उनका इलाज चल रहा है। उधर, बांदा के भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद से बात की गई तो उन्होंने जानकारी से इंकार किया। इतना जरूर कहा कि सांसद जी का हालचाल लेंगे। वहीं पार्टी के लोग जानकारी होने पर सासंद का हालचाल जानने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं प्रशासन भी इस संबंध में जानकारी कर रहा है।

गायिका कनिका कपूर की पार्टी में थे सांसद दुष्यंत

लंदन से लौटी कनिका कपूर ने बिना आइसोलेट हुए लखनऊ-कानपुर और नोएडा में जमकर पार्टियां कीं और सैकड़ों लोगों के लिए संक्रमण का संकट पैदा कर दिया। इसी क्रम में बांदा के सांसद आरके सिंह पटेल भी आइसोलेट हो गए हैं। घर लौटने के बाद सासंद पटेल घर में आइसोलेट हो गए हैं। उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम कैंसल कर दिए हैं।

ये भी पढ़ेंः सिंगर कनिका कपूर के खिलाफ FIR, बेवकूफी-लापरवाही से सैकड़ों लोगों को संकट में डाला

बताते हैं कि इस वक्त वह चित्रकूट जिले के कर्वी के बल्दाऊगंज स्थित अपने आवास के एक कमरे में परिवार से अलग रह रहे हैं। बताते हैं कि पटेल ने हाल ही में राष्ट्रपति भवन में आयोजन भोज में हिस्सा लिया था। वहां राजस्थान के सांसद दुष्यंत सिहं से उनकी मुलाकात हुई थी। सांसद के पुत्र सुनील पटेल ने बताया है कि शनिवार सुबह पिता संपर्कक्रांति एक्स. से बांदा लौटे हैं और फिर खुद को एक कमरे में आइसोलेट कर लिया है। उधर, इस मामले में चित्रकूट के जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है, जरूरत पड़े पर सांसद के घर को सैनिटाइज कराया जाएगा। साथ ही स्वजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा।

ये भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री योगी का बड़ा फैसला, लाखों मजदूरों को 1000 रुपए