Friday, April 19सही समय पर सच्ची खबर...

भाजपा ने 59 जिला-महानगरों के अध्यक्षों की सूची की जारी, जानिए आपके जिले में कौन बना..

BJP released list of district heads in UP

समरनीति न्यूज, लखनऊः भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर रात लखनऊ महानगर समेत यूपी में कुल 59 जिला और महानगरों के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। इनमें ज्यादतर में पुराने चेहरों को प्राथमिकता दी गई है। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने देर रात नवनिर्वाचित जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा करते हुए सूची जारी की। इस सूची में लखनऊ महानगर की बात करें तो यहां निर्वतमान अध्यक्ष मुकेश शर्मा को ही दोबारा अध्यक्ष बनाया गया है। जल्द ही अगली सूची भी जारी होने की संभावना है।

59 जिलों के लिए जिला-महानगर अध्यक्ष घोषित

बताया जाता है कि 20-21 नवंबर को सभी 98 संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्ष पद के चुनाव कराए गए थे। चुनाव अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर ही फिलहाल पहले चरण में प्रदेश के कुल 59 जिलों में जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई है।

सीतापुर-लखमीपुर में इनको कमान

वहीं लखनऊ के पड़ोसी जिले सीतापुर में अचिन मेहरोत्रा, लखीमपुर खीरी में सुनील सिंह, हरदोई जिले में सौरभ मिश्रा और उन्नाव में राजकिशोर रावत तथा बलरामपुर जिले में प्रदीप सिंह को अध्यक्ष घोषित किया गया है। वहीं बहराइच जिले में श्यामकरण टेकरीवाल, गोंडा जिले में सूर्य नारायण तिवारी व श्रावस्ती जिले में संजय कैंराती और अंबेडकरनगर में कपिल देव वर्मा तथा अयोध्या महानगर में अभिषेक मिश्रा को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। इसी तरह ऋषिकांत राय को लालगंज का पहला भाजपा जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। बताते चलें कि गोरखपुर क्षेत्र में आजमगढ़ जिले में लालगंज को इसी साल नया संगठनात्मक जिला घोषित किया गया है।

कानपुर-बुंदेलखंड से इनको सौंपी कमान

कानपुर क्षेत्र में कानपुर उत्तरी से सुनील बजाज, कानपुर दक्षिण से डा वीना आर्य पटेल, कानपुर ग्रामीण से कृष्ण मुरारी शुक्ला तथा कानपुर देहात से अविनाश चौहान को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा कमिश्नरी के चित्रकूट जिले से चंद्र प्रकाश खरे, महोबा जिले से जितेंद्र सिंह सेंगर तथा हमीरपुर से ब्रज किशोर गुप्ता को अध्यक्ष घोषित किया गया है। वहीं झांसी महानगर से मुकेश मिश्रा और जालौन से रामेंद्र सिंह बन्ना को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।

पीएम के काशी में इनको मिली जिम्मेदारी

इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी के वाराणसी जिले से हंसराज विश्वकर्मा तथा वाराणसी महानगर से विद्यासागर राय को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं भदोही जिले से विनय श्रीवास्तव और मीरजापुर जिले से ब्रजभूषण सिंह जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी के क्षेत्र गोरखपुर के गोरखपुर महानगर से राजेश गुप्ता ततथा गोरखपुर जिले से युधिष्ठिर सिंह सैंथवार को अध्यक्ष बनाया गया है। महाराजगंज जिले से परदेशी रविदास तथा मऊ जिले से रवींद्र गुप्ता को अध्यक्ष घोषित किया गया है। इसी तरह बलिया जिले से जयप्रकाश साहू तो आजमगढ़ से ध्रुव सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं लालगंज जिले से ऋषिकांत राय तो बस्ती से महेश शुक्ला और सिद्धार्थनगर से गोविन्द माधव यादव को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।

ब्रज क्षेत्र में इनको बनाया गया जिलाध्यक्ष

आगरा जिले से गिरिराज कुशवाहा तो मथुरा महानगर से विनोद अग्रवाल को अध्यक्ष घोषित किया गया है। वहीं मथुरा जिले से मधु शर्मा, अलीगढ़ जिले से ऋषिपाल जाट, कासगंज से केपी सिंह, हाथरस से गौरव आर्य तथा आगरा महानगर से भानू महाजन को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह फिरोजाबाद महानगर राकेश शंखवार को तो फिरोजाबाद जिले से मानवेंद्र प्रताप लोधी को अध्यक्ष घोषित किया गया है। इसी तरह मैनपुरी से प्रदीप सिंह चौहान तथा बरेली महानगर से डा कुलमोहन अरोड़ा को तो बरेली जिले से पवन शर्मा को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है। पीलीभीत जिले से संजीव प्रताप सिंह और बदायूं अशोक भारती तथा शाहजहांपुर जिले से हरिप्रकाश लोधी को अध्यक्ष चुना गया है।

पश्चिमी यूपी से इनको चुना गया अध्यक्ष

पश्चिम यूपी में बीजेपी ने फूंक-फूंककर कदम रखा। बिजनौर से जहां सुभाष बाल्मीकि को जिम्मेदारी सौंपी गई तो मेरठ जिले से अनुज राठी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मेरठ मरानगर से मुकेश सिंघल को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया है। इसी तरह सहारनपुर महानगर से राकेश जैन और सहारनपुर जिले से महेंद्र सैनी को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह गौतमबुद्ध नगर से विजय भाटी तथा बागपत से सूरज पाल गुर्जर को अध्यक्ष घोषित किया गया है। इसी तरह हापुड़ से उमेश राणा तथा रामपुर से अभय गुप्ता को अध्यक्ष बनाया गया है। इसी क्रम में मुरादाबाद महानगर से धर्मेंद्र मिश्रा तथा संभल से ओमवीर खड़गवंशी को जिलाध्यक्ष चुना गया है।

ये भी पढ़ेंः दागी कांडा से समर्थन पर घिरी भाजपा, विपक्ष के साथ-साथ उमा भी नाराज

ये भी पढ़ेंः बड़ी खबरः सहारनपुर में BJP विधायक के आवास पर भाजपा नेत्री ने आत्मदाह का प्रयास किया