Friday, March 29सही समय पर सच्ची खबर...

यूपी में 21 अक्टूबर को उपचुनाव, हरियाणा-महाराष्ट्र चुनावों की भी घोषणा

Maharastra-Hariyana voting date

समरनीति न्यूज, नई दिल्लीः चुनाव आयोग ने आज शनिवार को हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के साथ ही यूपी समेत अन्य राज्यों की कुल 64 सीटों पर होने वाले उप चुनाव की तारीखों की भी घोषणा कर दी है। हरियाणा और महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। यह घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेसवार्ता में की। बताया कि हरियाणा की 90 सीटों पर चुनाव होगा। इसके लिए 1.3 लाख ईवीएम लगाई गई हैं। इसी तरह महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए मतदान होगा और वहां 1.8 लाख ईवीएम मशीनें लगाई गई हैं।

4 अक्टूबर तक उम्मीदवार करा सकते हैं नामांकन

दोनों राज्यों में उम्मीदवारों के नामांकन कराने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर निर्धारित है। वहीं 7 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। बताते चलें कि महाराष्ट्र में कुल 8.9 करोड़ मतदाता अपने मतों का उपयोग करेंगे। वहीं हरियाणा में 1.28 करोड़ मतदाता हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि प्रत्याशी चुनाव में अधिकतम 28 लाख रुपए खर्च कर सकता है। साथ ही चुनाव में प्लास्टिक के कम से कम प्रयोग को कहा गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ईवीएम सुरक्षित हैं और सभी EVM और VVPAT मशीनों को डबल लॉक में रखेंगे।  उम्मीदवार निश्चित दूरी से उनपर नजर रख सकेंगे।

ये हैं यूपी समेत अन्य राज्यों में उपचुनाव की तारीख

उधर, यूपी समेत अलग-अलग राज्यों में उप चुनावों की तारीखों की भी घोषणा कर दी गई है। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, केरल, हिमाचल प्रदेश, पुदुचेरी, मेघालय, पंजाब, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, सिक्किम और तेलंगाना में 64 सीटों पर 21 अक्टूबर को उप चुनाव होंगे। इनके नतीजे भी 24 अक्टूबर आ जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता लागू कर दी गई है। अब कोई राजनीतिक पार्टी नई घोषणा नहीं कर सकती है।

ये भी पढ़ेंः ईवीएम गड़बड़ी के बीच कैराना-नूरपुर उप-चुनाव जारी, विपक्ष हमलावर