समरनीति न्यूज, लखनऊः जिंदगी की समस्याओं से जूझता इंसान इतना कमजोर पड़ता जा रहा है कि खुद के साथ परिवार को भी खत्म करने की ठान लेता है। ऐसे ही एक दिक्कतों से हारे इंसान से जुड़ा राजधानी लखनऊ में आज शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटनाक्रम सामने आया। घटनाक्रम ने सभी को हिलाकर रख दिया। एक व्यक्ति ने जिंदगी की दिक्कतों से जूझते हुए हिम्मत हार दी। पहले अपनी पत्नी और तीन साल के बच्चे को जहर देकर उसका कत्ल कर दिया, इसके बाद खुद भी फांसी लगा ली।
आशियाना में ह्रदयविदारक घटना
राजधानी के आशियाना सेक्टर आई में हुई इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो सभी स्तब्ध रह गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर आई में विशाल मदुलानी अपनी पत्नी और 3 साल के बेटे के साथ रहते थे।
ये भी पढ़ेंः लखनऊः फ्लैट में महिला मित्र संग भाजपा के बड़े नेता को पत्नी ने पकड़ा, थाने तक फजीते..
उनका खुद का साइबर कैफे का काम था। यही साइबर कैफे ही उनका और परिवार के पालन-पोषण का सहारा था। बताते हैं कि आज शनिवार को विशाल की शादी की सालगिरह थी। शादी की यह सालगिरह उनके परिवार के लिए आखिरी दिन साबित हुई। बताया जा रहा है कि विशाल ने पहले अपनी पत्नी हिमानी और 3 साल के बेटे वकुल को जहर देकर मार डाला। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस सुसाइड नोट में विशाल ने घटना के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है।
ये भी पढ़ेंः लखनऊ में दो युवतियों से रेप, एक से कार में तो दूसरी से घर में, दोनों दरिंदे गिरफ्तार