Sunday, April 28सही समय पर सच्ची खबर...

मंत्री चेतन चौहान से डाक्टरों के बर्ताव पर सपा नेता सुनील साजन का बड़ा खुलासा, सदन भी हैरान..

SP leader Sunil Sajan accused of death of minister Chetan Chauhan

समरनीति न्यूज, लखनऊ : देश के पूर्व क्रिकेटर और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का हाल ही में कोरोना से निधन हो गया। उनके निधन से जिनता राजनीतिक गलियारे में दुख था उतना ही गम खेल जगत में भी था। उनका सरल स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व सभी की आंखें नम कर गया। इसी बीच शनिवार को विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सपा के एमएलसी सुनील साजन ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने विधानसभा में बताया कि अस्पताल में चेतन चौहान के साथ कैसा बर्ताव हुआ। उन्होंने कैबिनेट मंत्री चेतन चौहन से जुड़ा एक वाक्या सभी के सामने रखा, जिसे सुनकर सभी हैरान रह गए।

बताया, डाक्टरों ने अच्छा बर्ताव नहीं किया

सपा नेता ने बताया कि पीजीआई में डाक्टरों का बर्ताव कैबिनेट मंत्री के साथ अच्छा नहीं था। सपा एमएलसी ने पूरा किस्सा सुनाते हुए योगी आदित्यनाथ की सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान सपा एमएलसी की बातें सुनकर सदन में सभी स्तब्ध रह गए। सपा एमएलसी ने कहा कि अस्पताल पहुंचे चेतन चौहान से गेट पर ही पूछा गया कि चेतन कौन है? इस पर सरल स्वभाव मंत्री ने हाथ खड़ा कर दिया। फिर टीम के एक स्टाफ ने पूछा चेतन आपको कोरोना कब हुआ। मंत्री ने अपनी बात बताई।

कहा, स्टाफ ने पूछा- चेतन तुम क्या करते हो

सपा नेता ने बताया कि इसी बीच एक तीसरा स्टाफ बोला- चेतन, तुम क्या करते हो..? सपा नेता ने कहा कि कैबिनेट मंत्री ने कुर्ता पजामा पहना हुआ था। उन्होंने डाक्टर को बताया कि वह कैबिनेट मंत्री हैं। फिर स्टाफ ने पूछा कहां के, उन्होंने कहा यूपी सरकार के। सपा नेता साजन ने कहा कि वह सोच में पड़ गए कि एक कैबिनेट मंत्री के साथ स्टाफ ऐसा व्यवहार कैसे कर सकता है। कहा कि उनको भरोसा था कि कैबिनेट मंत्री बताए जाने के बाद हास्पिटल का स्टाफ मंत्री के साथ तमीज से पेश आएगा।

कहा, फिर दूसरा बोला- चेतन तुम्हारे घर में..

आगे बताते हुए सपा नेता साजन ने कहा कि इसके बाद भी पीजीआई का स्टाफ का वही रवैया रहा। एक स्टाफ इसके बावजूद बोला, चेतन तुम्हारे घर में और कौन-कौन संक्रमित है। साजन ने कहा कि स्टाफ की यह बात सुनकर उनको गुस्सा भी आया, दुख भी हुआ। साथ ही सरकार पर भी गुस्सा आया।

ये भी पढ़ें : बड़ी खबर : यूपी के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का निधन, कोरोना से थे संक्रमित 

सपा एमएलसी साजन ने कहा कि यूपी में क्या सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सम्मान होगा। कहा कि अगर किसी मंत्री को कोरोना हो जाए तो उसके साथ ऐसा व्यवहार होगा। हालांकि, सपा नेता ने कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करेंगे कि किसी को कोरोना न हो। साजन ने आगे कहा कि जब उनसे अपना गुस्सा न रोका जा सका तो उन्होंने डाक्टर से कहा कि क्या वे जानते हैं कि ये (चेतन चौहान) कौन हैं।

सदन में वाक्या सुनकर सभी रह गए स्तब्ध

सपा नेता ने डाक्टर को बताया कि ये वही चेतन हैं जो देश के लिए क्रिकेट खेलते थे। सपा नेता ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि इसके बाद डाक्टर बोला, अच्छा ये वो चेतन हैं और यह कहते हुए पूरा स्टाफ बाहर चला गया। सुनील साजन ने कहा, कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान दो दिन उनके पास ही में रहे। कहा कि वे जो घुटन महसूस कर रहे थे उसे कोई और नहीं कर सकता है। सपा नेता ने आरोप लगाया है कि चेतन चौहान की जान कोरोना से नहीं, बल्कि सरकार की अव्यवस्था से गई है।

ये भी पढ़ें : Update Covid-19: मंत्री चेतन चौहान और सपा MLC सुनील सिंह साजन को कोरोना