Thursday, March 28सही समय पर सच्ची खबर...

पत्नी को नदी में फेंककर पति फरार, मछुआरों ने बचाई जान

Banda news : Husband absconding after throwing wife into Ken river, fishermen saved life

समरनीति न्यूज, बांदा : उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के सीमवर्ती गांव की रहने वाली एक महिला को उसके पति ने केन नदी में धक्का दे दिया। इसके बाद वहां से भाग निकला। मछुआरों ने महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। होश आने पर महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उधर, बांदा पुलिस का कहना है कि मामला मध्यप्रदेश का है। इसलिए एमपी पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। महिला को मानवीय आधार पर बांदा अस्पताल भिजवाया गया है।

अपहरण कर दिया घटना को अंजाम

महिला का कहना है कि पति से उसका मुकदमा चल रहा है और वह मायके में रहती हैं। आज मेला देखने निकली थीं। इसी बीच पति ने अपहरण कर लिया। फिर जबरन मुकदमे में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कराने की जिद्द की। इंकार करने पर केन नदी में फेंककर फरार हो गया।

बांदा के युवक से हुई थी 2018 में शादी

युवती का नाम गुड़िया (22) है। वह सीमावर्ती मध्य प्रदेश के ग्राम सरबई की रहने वाली हैं। उनकी शादी बांदा के मोहल्ला खूंटी चौराहा के पास रहने वाले व्यक्ति से हुई थी। 2018 में हुई शादी के बाद दोनों में विवाद होने लगा। फिर गुड़िया पति को छोड़कर मायके चली गईं। दोनों के बीच मुकदमा चल रहा है।

सीमा विवाद में यूपी-एमपी की पुलिस

उधर, घटना को लेकर मध्यप्रदेश के गोयरा और यूपी के गिरवां थाना पुलिस के बीच सीमा को लेकर विवाद है। दोनों घटना को एक-दूसरे के क्षेत्र का बता रहे हैं। गिरवां थाना प्रभारी ओमशंकर शुक्ला का कहना है कि घटना रामपुर पुल यानी मध्यप्रदेश में हुई है। उन्होंने सूचना मिलने पर मदद के लिए महिला को अस्पताल पहुंचाया।

ये भी पढ़ें : बांदा में एक्सीडेंट : अंत्येष्टि से लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, 1 की मौत और 3 गंभीर