Thursday, March 28सही समय पर सच्ची खबर...

बुंदेलखंड में बीजेपी : नए महामंत्री के लिए आसान नहीं संगठन को धार देना

BJP4UP : It is not easy for new General Secretary to give edge to party organization here

मनोज सिंह शुमाली, बांदा : भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह गुरुवार को बांदा में रहे। अपना पद संभालने के बाद यह उनका प्रथम आगमन था। झारखंड के पूर्व प्रभारी रहे धर्मपाल सिंह भाजपा संगठन के एक कुशल रणनीतिकार और मझे हुए नेता माने जाते हैं। बांदा में उन्होंने महोबा, हमीरपुर और चित्रकूट के साथ-साथ फतेहपुर के जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। निश्चित ही यह समझ लिया होगा कि यहां कौन कितने पानी में है।

मोदी-योगी के नाम पर जीत और फिर जनता पर बोझ

खास बात यह है कि पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में धर्मपाल सिंह को सुनील बंसल की जगह पर लाई है। बंसल ने लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में संगठन का दायित्व संभाला। एक के बाद एक चुनावों में जीत का शेहरा उनके सिर बंधा। बांदा-बुंदेलखंड और आसपास के जिलों के छोटे से लेकर बड़े नेता सीधेतौर पर सुनील बंसल से जुड़े रहे हैं।

जिताऊ और पकड़ वाले नेताओं की पार्टी में कमी

बीते विधानसभा चुनाव 2022 में इसका असर भी देखने को मिला। संगठन में भी इसका असर दिखाई देता है। पदों को रेबड़ियों की तरह बांटा गया। यहां जिताऊ और जनता में पकड़ वाले नेताओं की कमी है। ऐसे में नए महामंत्री को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन को धार देना बड़ी चुनौती होगा।

संगठन में ‘मेरा आदमी-तेरा आदमी’ वाले ज्यादा

हालांकि, बुंदेलखंड में चुनाव मोदी-योगी का नाम+संगठन की रणनीति के दम पर जीता जाता है। बात स्थानीय नेताओं की करें तो एक-दो को छोड़ दें तो बाकी जनता पर थोप दिए जाते हैं। कुछ ऐसा ही हाल संगठन में है। संगठन में कुछ लोग ही अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर हैं, वरना ज्यादातर ‘मेरा आदमी-तेरा आदमी’ के सिद्धांत पर जगह बनाए हैं। ऐसे में नए महामंत्री संगठन को धार देने में कितना सफल होंगे, यह समय बताएगा।

ये भी पढ़ें : UP : अखिलेश की गुगली में फंसे केशव, 24 घंटे में पीएम मोदी से भी ज्यादा पुकारा नाम