समरनीति न्यूज, बांदा : बांदा में आज दो-दो मंत्रियों का आगमन हुआ। यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार के कृषि कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही और उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह यहां पहुंचे। सर्किट हाउस में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने दोनों मंत्रियों का स्वागत किया। उनको पुष्प गुच्छ भेंट किए। अन्य भाजपाइयों ने भी मंत्री का स्वागत किया। उनको अंगवस्त्र भेंट किया।
इस मौके पर अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। दरअसल, कृषि कैबिनेट मंत्री श्री शाही आज बांदा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित मिलेट दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
उन्होंने कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।
पढ़िए आज की बड़ी खबर : योगी सरकार-02 : PWD के बाद सिंचाई विभाग भी कटघरे में..
कृषि मंत्री शाही ने बांदा के ग्राम पंचायत मुंगूस का औचक निरीक्षण करते हुए किसानों से बातचीत की। किसानों की समस्याओं के बारे में जाना।
साथ ही पंचायत भवन में किसानों के बीमा कार्य को देखने के बाद लेखपाल से विभिन्न योजनाओं को लेकर सवाल किए। दरअसल, कृषि मंत्री देखना चाहते थे कि सरकारी योजनाओं को लेकर लेखपाल कितना जागरूक हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा विकास में यकीन करती है। हर वर्ग के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।