Wednesday, April 24सही समय पर सच्ची खबर...

राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े दो-दो हत्याओं से फैली सनसनी

Lucknow two murder case in daylight

समरनीति न्यूज, लखनऊः आज शनिवार को राजधानी लखनऊ में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में सिर कूचकर हत्याएं कर दी गईं। हत्या की दोनों वारदातों को बड़ी ही बेरहमी से अंजाम दिया गया। जिन दो लोगों की हत्या की गई है, उनमें एक महिला हैं। इनमें से हत्या की एक वारदात सआदगंज इलाके में हुई तो दूसरी बरौरा हुसैन बाड़ी में हुई। पुलिस ने दोनों ही मामले में जांच में जुटी है। पहली वारदात में नवीन नगर में रहने वाली रमाकांती पांडेय की उनके घर में ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्या की इस वारदात को आज दिनदहाड़े उस वक्त अंजाम दिया गया, जब उनके बेटे अर्पित और हर्षित दोनों स्कूल गए थे। बाद में दोपहर में करीब 3 बजे जब दोनों बेटे स्कूल से लौटे तो घर में ताला लगा मिला।

स्कूल से वापस लौटे बच्चे तो घर में पड़ा था मां का शव

काफी देर तक आसपास मां की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बच्चों ने अपने चाचा मुकेश को फोन करके घर बुलाया। बाद में बच्चों ने पास में रखी चाबी से घर का ताला खोला और भीतर पहुंचे। बच्चों ने देखा कि घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी के शीशे टूटे पड़े थे। दोनों बच्चों ने कमरे में जाकर देखा तो वहां फ्रिज के पास उनकी मां लहूलुहान पड़ी थीं।

ये भी पढ़ेंः लखनऊ में दिनदहाड़े विश्व हिंदू महासभा के अध्यक्ष रणजीत बच्चन की गोली मारकर हत्या, भाई घायल

उनकी ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं हत्यारे ने ईंट उनके चेहरे पर ही रख छोड़ी थी। यह देख बच्चे बुरी तरह सहम गए और चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। इसके बाद फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए। बताते हैं कि घर में प्लेट में चार पराठे रखे मिले हैं। कुछ अन्य भी साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि हत्यारे के पीछे किसी करीबी का हाथ है। हत्या के मामले में परिवार के ही एक व्यक्ति पर शक है।

सामान लेने गया था पिता, लौटा तो मिली बेटे की लाश

उधर, दूसरी वारदात ठाकुरगंज क्षेत्र में हुई। बताते हैं कि बरौरा हुसैनबाड़ी निवासी मुन्नीलाल कन्नौजिया के बेटे राजकुमार मजदूरी करके परिवार का पालनपोषण करते थे। उनका कहना है कि शनिवार दोपहर बेटे ने उनको 20 रुपए देकर उपला लाने को कहा। इसके बाद वह बाहर आ गए। कुछ देर बाद उपले लेकर लौटे तो देखा कि घर में बेटे राजकुमार का शव पड़ा था। वह खून से लतपत था। मुन्नीलाल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताते हैं कि मृतक राजकुमार की पत्नी कंचन अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहती हैं। एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया है कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

ये भी पढ़ेंः आगराः सेक्स रैकेट में विदेशी लड़कियों समेत होटल से 6 गिरफ्तार