Wednesday, April 24सही समय पर सच्ची खबर...

स्वतंत्र देव ही अगले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, नाम की औपचारिक घोषणा आज

Bjp state president Swatantra dev singh give his nomination for election in Luknow

समरनीति न्यूज, लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनावों के क्रम में आज गुरुवार को यूपी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के लिए सदस्यों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया हुई। यह प्रक्रिया केंद्रीय सह चुनाव पर्यवेक्षक मंगल पांडे की मौजूदगी में हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से एक ही नामांकन दाखिल हुआ। इससे साफ हो गया है कि स्वतंत्र देव सिंह ही अगले प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे। हालांकि, उनके नाम की औपचारिक घोषणा शुक्रवार यानि आज होगी। हालांकि, पहले से ही यह बात तय मानी जा रही थी कि स्वतंत्र देव सिंह ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे। औपचारिक घोषणा के बाद अगले तीन साल के लिए स्वतंत्र देव दोबारा अध्यक्ष पद का दायित्व संभालेंगे।

शाम 4 बजे तक एक नामांकन, निर्विरोध चुना जाना तय

प्रदेश चुनाव अधिकारी आशुतोष टंडन (गोपाल जी) भी मौजूद रहे। शाम करीब 4 बजे सह चुनाव पर्यवेक्षक मंगल पांडे ने बताया कि आज पार्टी की यूपी इकाई के प्रदेश अध्यक्ष व परिषद के सदस्यों के चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई है। बताया कि दोपहर 2 बजे से शाम 4 तक चली इस नामांकन प्रक्रिया में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक नामांकन पत्र मिला है, जोकि पार्टी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का है। उन्होंने बताया यूपी में 98 जिला संगठनों में 87 की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आज प्रदेश अध्यक्ष के नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।

राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए भी दाखिल हुए नामांकन

साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के लिए भी नामांकन दाखिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को सुबह 11 बजे पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की घोषणा भी की जाएगी। इस मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, सह चुनाव अधिकारी त्रयबंक त्रिपाठी, वाईपी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, डा महेंद्र सिंह, भूपेंद्र चौधरी, सुरेश राणा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ेंः विपक्षियों को मात देने में माहिर स्वतंत्र देव सिंह के सिर आज फिर सजेगा प्रदेश अध्यक्ष का ताज

ये भी पढ़ेंः भाजपा ने 59 जिला-महानगरों के अध्यक्षों की सूची की जारी, जानिए आपके जिले में कौन बना..