Wednesday, April 24सही समय पर सच्ची खबर...

स्वतंत्र देव सिंह भाजपा के 19वें निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष घोषित हुए

Swatantra Dev Singh declared 19 elected state president of BJP

समरनीति न्यूज, लखनऊः योगी आदित्यनाथ की सरकार में परिवहन मंत्री रहे मनोनीत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित हुए 19वें प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। आज शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव ने उनके नाम की घोषणा करते हुए निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में इस मौके पर केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव द्वारा निवार्चित अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को प्रमाण पत्र भी दिया गया। इस मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा अन्य नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष की सराहना करते हुए उनको बधाई दी

एक ही नामांकन हुआ था दाखिल, निर्विरोध

बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ था, जो स्वतंत्र देव सिंह की ओर से दाखिल किया गया था। इससे पहले राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के मनोनयन का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी की ओर से रखा गया। डिप्टी सीएम एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य आदि ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

ये भी पढ़ेंः स्वतंत्र देव ही अगले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, नाम की औपचारिक घोषणा आज

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी व उप मुख्यमंत्री मौर्य के साथ चुनाव अधिकारी कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ‘गोपाल’ व सांसद रमापति राम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के कार्यकाल की सराहना की। वहीं स्वतंत्र देव ने कहा कि भारत माता के लिए जीवन कुर्बान करने के संस्कार भारतीय जनता पार्टी में ही मिलते हैं।

स्वतंत्र देव बोले, त्याग और तपस्या का पद

इसके बाद भाजपा प्रदेश परिषद की पहली बैठक को प्रदेश अध्यक्ष ने संबोधित किया। कहा कि यह सुख का नहीं त्याग और तपस्या का पद है। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जहां बूथ अध्यक्ष का पसीना बहेगा, वहां उनका खून बहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंडल अध्यक्ष का कहीं अपमान हुआ तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि पद मिले न मिले, लेकिन वह तिरंगे को कभी झुकने न देंगे।

कहा, वंदे मातरम के लिए जीवन कुर्बान

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के लिए अपना जीवन कुर्बान भी कर सकते हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वतंत्र देव सिंह बहुत ही परिश्रमी हैं और उनका काफी अनुभव है। डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वतंत्र देव सिंह की प्रशंसा करना सूरज को दीपक दिखाने जैसा है। कहा कि सुनील बंसल और स्वतंत्र देव की जोड़ी 2022 के लिए शानदार ढंग से काम करेगी। डिप्टी सीएम ने दावा करते हुए कहा कि सीएए के मुद्दे पर पूरा देश सरकार के पक्ष में खड़ा है।

ये भी पढ़ेंः विपक्षियों को मात देने में माहिर स्वतंत्र देव सिंह के सिर आज फिर सजेगा प्रदेश अध्यक्ष का ताज