Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

सीतापुर : शातिर महिला ने 61 पुरोहितों से धन प्राप्ति के लिए कराया हवन, फिर दक्षिणा में नकली नोट देकर फरार

the-woman-got-the-wealth-of-wealth-from-61-priests-escaped-by-giving-fake-notes-in-dakshina

समरनीति न्यूज, डेस्क : राजधानी लखनऊ से सटे सीतापुर शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। धन प्राप्ति के लिए एक महिला ने अयोध्या से 61 पुरोहितों को बुलाकर हवन कराया। 13 दिन तक सभी ब्राह्मण हवन-पूजन करते रहे। जब दक्षिणा की बारी आई तो महिला ने उनको नकली नोट थमा दिए। विरोध पर कुल्हाड़ी लेकर धमकाया। बाद में धीरे से खिसक गई। अब फरार महिला की तलाश पुलिस कर रही है।

आश्रम की संचालिका है महिला

महिला कोई मामूली नहीं, बल्कि एक आश्रम की संचालिका है और उसके आश्रम से पुलिस को 20 लाख के नकली नोट मिले हैं। यह पूरा मामला सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां पिछले 70 दिनों से बड़ा अनुष्ठान चल रहा था।

ये भी पढ़ें : लाॅकडाउन में गोलमालः हैंडपंप से निकल रही थी शराब, पुलिस ने खोला राज

बताया जाता है कि सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के टेरवा मनिकापुर गांव में गीता पाठक नाम की महिला का आश्रम है। जहां संचालिका गीता पाठक अयोध्या से पुरोहित बुलाकर धन प्राप्ति और रुपयों को दोगुना करने के लिए कई दिनों से अनुष्ठान करा रही थी। इस काम में कुल 61 पुरोहित लगे थे। अनुष्ठान पूरा हुआ तो पुरोहितों को भोजन के बाद दक्षिणा दी गई।

कुल्हाड़ी लेकर धमकाया भी

दक्षिणा में दिए नोट नकली निकले तो पुरोहितों ने हंगामा किया। बताते हैं कि आश्रम में बीते कई दिन से अनुष्ठान जारी था और 61 पुरोहितों को महिला ने विशेष तौर पर बुला रखा था।बताते हैं कि नकली नोट की शिकायत मिलने पर आरोपी महिला ने पुरोहितों को कुल्हाड़ी लेकर डराया-धमकाया भी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

एसपी ने मामले में बताया

एसपी एनपी सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। कुछ ब्राह्मणों ने शिकायत की है कि वे सभी अयोध्या धाम से यहां पहुंचे थे। उनका कहना है कि आरोपी महिला धन प्राप्ति के लिए उनसे अनुष्ठान करा रही थी। इसके लिए करीब 20 लाख रुपए दक्षिणा बनी थी। मांगने पर महिला ने बैग में ऊपर असली नोट रखकर नीचे नकली नोट दे दिए। कहा कि थाने पर मुकदमा दर्ज हो चुका है और आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।

ये भी पढे: अजीबो-गरीबः सीआरपीएफ जवान ने एक मंडप पर दो महिलाओं के साथ लिए सात फेरे, ऐसी है वजह..