Friday, April 26सही समय पर सच्ची खबर...

फतेहपुर में दोहराया उन्नाव कांडः लड़की को दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाया, कानपुर रेफर

Now teenager burnt alive after rape in Fatehpur

समरनीति न्यूज, कानपुर/फतेहपुरः उन्नाव में दुष्कर्म पीडि़ता की जलाकर हत्या की जघन्य वारदात को लोग भूले भी नहीं थे कि अब कानपुर से सटे फतेहपुर जिले में एक रेप पीड़िता को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया गया है। शनिवार को फतेहपुर जिले में हुए दूसरे उन्नाव कांड में किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई है। उसे गंभीर हालत में कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। बताया जाता है कि फतेहपुर के हुसेनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक हैवान युवक ने घर में अकेली किशोरी से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके उपर केरोसिन डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में किशोरी को जिला अस्ताल ले जाया गया। 

घर में घुसकर दिनदहाड़े की वारदात

वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि किशोरी लगभग 90 फीसदी जली है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। बताते हैं कि आग लगाने के बाद आरोपी वहां से भाग गया। पड़ोसियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तबतक किशोरी बुरी तरह से झुलस चुकी थी। घटना के संबंध में पीड़िता के पिता का कहना है कि 18 साल की उनकी बेटी घर में घटना के वक्त अकेली थी। रिश्ते के चाचा 22 वर्षीय आरोपी की उसपर गंदी नियत थी। 

ये भी पढ़ेंः अपडेटः उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को आरोपियों ने जिंदा जलाया 

पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने बताया है कि शनिवार दोपहर को आरोपी ने घर में घुसकर पहले दुष्कर्म किया, फिर शिकायत करने की बात पर केरोसिन डालकर उसे जला दिया। उधर, पुलिस ने भी पीड़िता के बयान रिकार्ड किए हैं। सीओ सिटी कपिल देव मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। 

गंभीर हालत में पीड़िता कानपुर रेफर 

मामले में जिलाधिकारी फतेहपुर संजीव सिंह ने मीडिया को बताया है कि गांव के लोगों से जानकारी मिली है कि पीड़िता और रिश्ते के चाचा के बीच प्रेम प्रसंग था। परिवार के लोग इसका विरोध कर रहे थे। आज गांव में पंचायत हुई थी जिसमें दोनों को अलग रहने का फरमान सुनाया गया था। इसके बाद आरोपी ने इस घटना को अंजाम दे डाला। कानपुर के अस्पताल में भर्ती पीड़िता ने वहां भी खुद के साथ दरिंदगी की बात कही है। वहीं कुछ लोग पीड़िता द्वारा खुद आग लगाने की बातें भी कह रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़ेंः बांदा में तैनात हेड कांस्टेबल के खिलाफ दुष्कर्म और ठगी का मुकदमा, ये है मामला..